नवाज ने टी20 विश्व के दौरान जानबूझकर प्रतिबंधित पदार्थ लेने से इनकार किया: पीसीबी सूत्र

Ads

नवाज ने टी20 विश्व के दौरान जानबूझकर प्रतिबंधित पदार्थ लेने से इनकार किया: पीसीबी सूत्र

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 05:59 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 05:59 PM IST

लाहौर, 23 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज ने इस साल की शुरुआत में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुए टी20 विश्व कप के दौरान डोप परीक्षण में पॉजिटिव पाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को अपना जवाब सौंप दिया है जिसमें उन्होंने जोर देकर कहा है कि उन्होंने जानबूझकर कोई भी प्रतिबंधित पदार्थ नहीं लिया था।

पीसीबी के एक सूत्र ने बृहस्पतिवार को बताया कि नवाज ने जानबूझकर किसी भी प्रतिबंधित पदार्थ या मौज-मस्ती के लिए नशीले पदार्थों का इस्तेमाल करने से इनकार किया है।

सूत्र ने दावा किया, ‘‘उन्होंने बताया है कि उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी किसी समस्या के लिए कुछ दवाएं ली थीं लेकिन कोई भी नशीला पदार्थ नहीं लिया।’’

विश्व कप के दौरान अधिकारियों द्वारा किए गए परीक्षण में पॉजिटिव पाए जाने के बाद नवाज पर ड्रग्स के कथित इस्तेमाल को लेकर आईसीसी और पीसीबी की जांच चल रही है।

इस बाएं हाथ के स्पिनर को पाकिस्तान सुपर लीग में मुल्तान सुल्तान्स के लिए खेलने की अनुमति दे दी गई है लेकिन आईसीसी कुछ दिनों में पीसीबी को आगे की कार्रवाई के बारे में सूचित करेगा।

यदि आईसीसी उनके स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं होता है तो नवाज पर क्रिकेट से पूरी तरह से प्रतिबंध लग सकता है।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता