सिंधू और लक्ष्य सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में, प्रणय बाहर

सिंधू और लक्ष्य सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में, प्रणय बाहर

सिंधू और लक्ष्य सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में, प्रणय बाहर
Modified Date: May 28, 2026 / 05:54 pm IST
Published Date: May 28, 2026 5:54 pm IST

सिंगापुर, 28 मई (भाषा) दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू और लक्ष्य सेन ने बृहस्पतिवार को यहां सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अलग अलग अंदाज में जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि एचएस प्रणय कई गलतियों की वजह से बाहर हो गए।

सिंधू ने 37 मिनट के भीतर जापान की रिको गुंजी को 21 . 9, 21 . 12 से हराया ।

अब उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरिया की आन से यंग से होगा । सिंधू कभी भी ओलंपिक चैंपियन को हरा नहीं सकी हैं और आठ बार पराजित हो चुकी हैं। पिछली हार पिछले साल चाइना ओपन में मिली थी।

अमरोहा के लक्ष्य ने भी क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है क्योंकि दूसरे वरीय कुनलावुत विदितसर्ण ने महज दो अंक के बाद पीठ की समस्या के कारण रिटायर होने का फैसला किया। अब 2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य का सामना जापान के कोकी वातानाबे से होगा।

पुरूष युगल में चौथी वरीयता प्राप्त सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने कड़े मुकाबले में चीनी ताइपै के ली झि हुइ और यांग पो सुआन को एक घंटे तक चले मुकाबले में 21 . 15, 11 . 21, 21 . 18 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई ।

अब उनका सामना मलेशिया के खाइ शिंग कांग और आरोन ताइ से होगा ।

मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो भी अंतिम आठ में पहुंच गए जिन्होंने जापान की युता वातानाबे और माया तागुची को 8 . 21, 21 . 17, 21 . 16 से मात दी ।

अब उनका सामना कोरिया के किम जाए हियोन जांग और हा जियोंग तथा मलेशिया के चेन तांग जिये और तोह ई वेइ के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा ।

प्रणय आखिरी गेम में बुरी तरह पिछड़ गए और 61 मिनट तक चले मैच में घरेलू दावेदार लोह कीन यू से 18-21, 21-16, 15-21 से हार गए।

भाषा मोना नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में