बुखारेस्ट (रोमानिया), 20 मई (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ग्रैंड शतरंज टूर्नामेंट की प्रतियोगिता सुपर शतरंज क्लासिक के छठे दौर में रोमानिया के डिएक बोगदान-डेनियल से भिड़ेंगे और ड्रॉ के अपने सिलसिले को रोकने की कोशिश करेंगे।
जर्मनी के विन्सेंट कीमर (3.5 अंक) पांच दौर के बाद एकल बढ़त बनाए हुए हैं। उनके बाद नीदरलैंड के अनीश गिरी और जॉर्डन वैन फोरस्ट, शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी फैबियानो कारुआना और प्रज्ञाननंदा का नंबर आता है। इन सभी के तीन-तीन अंक हैं।
कारुआना ने चौथे दौर के मैच में फ्रांस के अलीरेज़ा फ़िरोजा को हराकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल कर लिया। फिरोजा के टखने में चोट लगने के कारण यह मैच पहले स्थगित कर दिया गया था और इसे विश्राम के दिन खेला गया।
फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव और वेस्ली सो 2.5 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं, जबकि विश्व चैम्पियनशिप के दावेदार उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव दो अंकों के साथ उनसे ठीक पीछे हैं। रोमानिया के बोगदान-डैनियल 1.5 अंकों के साथ नौवें स्थान पर हैं और इस तरह से फिरोजा से आधा अंक आगे हैं।
प्रज्ञाननंदा पर दूसरे दौर में सिंदारोव पर एकमात्र जीत और चार ड्रॉ के बाद दबाव बढ़ गया है क्योंकि टूर्नामेंट के दूसरे चरण में उनके सामने कुछ कठिन मैच हैं। अगले दौर में बोगदान-डेनियल के खिलाफ भारतीय खिलाड़ी को काले मोहरों से खेलना होगा। उसके बाद वह कारुआना, वाचियर-लाग्रेव और गिरी का सामना करेंगे।
कीमर अब तक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी साबित हुए हैं और लाइव रेटिंग में उनकी विश्व रैंकिंग चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वह छठे दौर में फिरोजा के खिलाफ सफेद मोहरों से खेलेंगे और इसमें जीत उनके नाम पर खिताब लगभग पक्का कर देगी।
फिरोजा पर जीत के बाद कारुआना ने टूर्नामेंट में अपनी संभावनाओं को काफी हद तक बढ़ा लिया है। अगले मैच में उनका सामना सिंदारोव से होगा।
दस खिलाड़ियों के नौ दौर वाले इस टूर्नामेंट में कुल 375,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि है, जिसमें से विजेता को 100,000 डॉलर मिलेंगे।
भाषा
पंत
पंत