कोलंबो, नौ फरवरी (भाषा) टी20 विश्व कप के पहले मैच में सोमवार को ओमान पर शानदार जीत के बाद जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर का चोटिल होना चिंता का विषय है ।
टेलर को विकेटों के बीच दौड़ने में दिक्कत हो रही थी । बाद में वह ‘रिटायर्ड हर्ट’ हो गए जिसके बारे में रजा ने बाद में बताया कि टेलर की टीम के लिये अहमियत को देखते हुए वह कोई जोखिम नहीं लेना चाहते थे ।
उन्होंने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा ,‘‘ असली चिंता ब्रेंडन टेलर की है । जैसे ही मैने उसे देखा, मैने आंखों में इशारा किया और मैं चाहता था कि वह आउट हो जाये । ऐसा पहले भी हुआ है कि वह चोट में भी खेलता रहा और हालात और बिगड़ गए ।
उन्होंने कहा ,‘‘ वह टीम का अहम सदस्य है लिहाजा मैं कोई जोखिम नहीं लेना चाहता । हमारे पास तीन चार दिन है और हम स्कैन का इंतजार करेंगे । उसकी शुरूआती प्रतिक्रिया यही थी कि यह खराब लग रहा है लेकिन हम मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार करेंगे ।’’
40 वर्ष के टेलर पिछली पांच टी20 पारियों में तीसरी बार चोटिल होकर लौटे हैं ।
मैच के बारे में रजा ने कहा ,‘‘ हमने विकेट को बखूबी पढ लिया था और अपनी रणनीति पर अच्छे से अमल किया । कुछ ओवर महंगे रहे लेकिन वह चिंता का विषय नहीं है । हमने बल्लेबाजी भी अच्छी की । विश्व कप के पहले मैच में नर्वस होना लाजमी है लेकिन उसके बाद हमने लय पकड़ ली ।’’
ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने स्वीकार किया कि उनकी टीम पर्याप्त रन नहीं बना सकी ।
उन्होंने कहा ,‘‘ हमने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा स्कोर नहीं बनाया । गेंदबाज 104 रन का क्या बचाव करते । टी20 में कम से कम 160 या 170 रन बनने चाहिये थे ।’’
भाषा मोना आनन्द
आनन्द