ताशकंद, 17 मई (भाषा) भारत की सीनियर पुरुष टीम ने यहां पहले कासा(मध्य एशिया और दक्षिण एशिया) रग्बी सेवन्स 2026 टूर्नामेंट में रजत पदक जीता जबकि महिला टीम चौथे स्थान पर रही।
इससे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय सत्र की अच्छी शुरुआत हुई।
पुरुष टीम ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावित किया और लगातार चार मैच जीतकर फाइनल में जगह पक्की की।
भारत ने अपने अभियान की शुरुआत मेजबान उज्बेकिस्तान (24-12) के खिलाफ जीत के साथ की और फिर किर्गिस्तान (31-0), मंगोलिया (26-14), और पाकिस्तान (20-14) को हराया। टीम अपने आखिरी राउंड रोबिन मैच में श्रीलंका (12-33) से हार गई।
भारत ने एक बार फिर फाइनल में श्रीलंका का सामना किया और 10-31 की शिकस्त के साथ रजत पदक हासिल किया।
सीनियर महिला टीम को पहले दिन उज्बेकिस्तान (7-22) और कजाखस्तान (7-19) के खिलाफ हार मिली लेकिन टीम ने वापसी करते हुए किर्गिस्तान को 72-0 से हराया।
भारत ने दूसरे दिन मंगोलिया के खिलाफ 33-0 से जीत हासिल की।
भारत ने चैंपियन बने श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी राउंड रोबिन मैच 22-19 से जीता और विरोधी टीम को टूर्नामेंट की एकमात्र शिकस्त दी।
तीसरे स्थान के प्लेऑफ में मेजबान उज्बेकिस्तान के खिलाफ 14-20 की हार से भारत चौथे स्थान पर रहा।
भाषा सुधीर
सुधीर