अंडर-18 हॉकी सीरीज: भारतीय पुरुष टीम ने चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 3-3 से बराबरी पर रोका

Ads

अंडर-18 हॉकी सीरीज: भारतीय पुरुष टीम ने चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 3-3 से बराबरी पर रोका

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 09:18 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 09:18 PM IST

भोपाल, 20 मई (भाषा) भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को यहा श्रृंखला के चौथे और आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया को 3-3 से ड्रॉ पर रोक दिया।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीव चार मैच की श्रृंखला 1-1 से बराबर रही।

यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) केंद्र में भारत ने जोरदार शुरुआत की और शुरुआती दो गोल दागे। पहला गोल करण गौतम ने 10वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दागा जिसके बाद बेन सिद्धार्थ (14वें मिनट) ने मैदानी गोल किया।

हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने वापसी करते हुए दूसरे क्वार्टर में स्कोर बराबर कर दिया।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से दोनों गोल जेट जॉनस्टोन (18वें और 25वें मिनट) ने किए जिससे मध्यांतर तक स्कोर 2-2 से बराबर था।

तीसरे क्वार्टर में कड़ी टक्कर के बाद कप्तान केतन कुशवाहा (40वें मिनट) के मैदानी गोल की बदौलत भारत ने फिर से बढ़त बना ली।

भारत ने अपनी बढ़त बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन मैच के आखिरी लम्हों ऑस्ट्रेलिया ने एक और गोल करके स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। एंड्रयू फॉल्ड्स (57वें मिनट) ने मैच खत्म होने से सिर्फ तीन मिनट पहले मैदानी गोल किया।

इससे पहले भारतीय अंडर-18 महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रृंखला के चौथे और आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हरा दिया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता