काहिरा, 25 अप्रैल (भाषा) वंशिका चौधरी और चिराग शर्मा ने शनिवार को यहां आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा जीत ली जिससे भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या पांच हो गई।
अभी एक दिन के मुकाबले और बाकी हैं, लेकिन भारत पांच स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है।
वंशिका और चिराग की जोड़ी ने 484.3 का स्कोर किया और व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट के तौर पर प्रतिनिधित्व कर रहे अलीकसांद्रा पियात्रोवा और मिकिता दौबाश (467.6) को पीछे छोड़ दिया। मोहिनी सिंह और हिमांशु राणा की दूसरी भारतीय जोड़ी ने 407.4 का स्कोर किया और चार टीमों के फाइनल में कांस्य पदक जीता।
वंशिका और चिराग ने शनिवार सुबह 582 का स्कोर किया था और 14 टीमों के क्वालीफायर में शीर्ष पर रहे थे, जबकि मोहिनी और हिमांशु 568 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
वंशिका के लिए यह टूर्नामेंट में दूसरा स्वर्ण पदक था। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल के व्यक्तिगत मुकाबले का खिताब जीता था।
चिराग के लिए भी यह दूसरा पदक था, जिन्होंने इससे पहले जूनियर पुरुषों की एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीता था।
इसी दिन ट्रैप पुरुषों और महिलाओं के मुकाबले भी खत्म हुए जिसमें जुहैर खान फाइनल में सातवें जबकि भव्य त्रिपाठी फाइनल में आठवें स्थान पर रहीं।
भाषा नमिता
नमिता