भोपाल। बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए मप्र में भी गठबंधन करने का निर्णय लिया है। दोनों के बीच सीटों का बंटवारा भी सोमवार को हो गया। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी दल अपने-अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ने की जुगत में लगे हुए हैं।
लोकसभा की सीटों के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की दो बड़ी पार्टियों बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के बाद अब मध्य प्रदेश में भी गठबंधन कर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। मध्यप्रदेश में एसपी तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि बीएसपी बाकी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन के बाद फंसे 5 सैन्यकर्मियों को बचाने रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गठबंधन के तहत मध्य प्रदेश की बालाघाट, टीकमगढ़, और खजुराहो सीट पर समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी जबकि बाकी 26 सीट पर बहुजन समाज पार्टी चुनाव लड़ेगी। बता दें कि बीएसपी और एसपी ने उत्तराखंड में भी गठबंधन करते हुए 1 -1 सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।