अलीराजपुर। अलीराजपुर के वालपुर गांव में पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ विस्फोटक सामग्री बरामद की। दरअसल सोंडवा थाना पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि वालपुर गांव के एक मकान में अवैध रूप से शराब का भण्डारण किया गया है।
पढ़ें-हाईवे पर हादसा, बस और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल
जिसके बाद पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताये गए ठिकाने पर छापामार कार्रवाई की, जिसमें पुलिस को 50 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई। इसमें 200 जिलेटिन की छड़ें और करीब 500 डेटोनेटर पाए गए। रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने से पुलिस भी चकित रह गई। पुलिस ने शराब और विस्फोटक सामग्री जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
पढ़ें-कागजों में किया करामात, बंद फैक्ट्री में उत्पादन दिखाकर 8 करोड़ का घोटाला, 6 आरोपियों को 3-3 साल …
आपको बता दें कि दस दिन पहले भगोरिया उत्सव में एक बम बरामद हुआ था, जिसमें जिलेटिन और डेटोनेटर का ही उपयोग किया गया था। ऐसे में उसी इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से पुलिस की मुस्तैदी पर भी कई सवाल उठ रहे हैं, वहीं इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि मामले में जिले के पुलिस अधीक्षक का कहना है कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।