चंडीगढ़, 23 जुलाई (भाषा) चंडीगढ़ में आयोजित हो रही 16वीं ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक के तहत प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार सुबह सुखना झील पर आयोजित वॉकाथन में हिस्सा लिया।
वॉकाथन में शामिल हुईं केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा, “इस ब्रिक्स बैठक के एजेंडे में एक विषय ‘स्वस्थ जीवनशैली के लिए ब्रिक्स मिशन’ भी है।”
उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह योग सत्र आयोजित किया गया था और बृहस्पतिवार को वे सैर के लिए सुखना झील आए हैं।
उन्होंने कहा, “इस वॉकाथन का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है, जिसमें फिटनेस और उचित आहार दोनों पर ध्यान केंद्रित किया गया है, ताकि हम ‘मोटापा को रोकें’ का संदेश सभी तक पहुंचा सकें।”
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधियों ने काफी उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया और वे तय मार्ग से भी अधिक दूर तक चले।
उन्होंने कहा, “हमें विश्वास और उम्मीद है कि इन कार्यक्रमों, योग सत्रों और वॉकाथन के माध्यम से मोटापा रोकने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचेगा।”
भारत अपनी 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत यहां 22 से 24 जुलाई तक 16वीं ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक की मेजबानी कर रहा है। इस बैठक में स्वास्थ्य सुरक्षा, डिजिटल स्वास्थ्य और महामारी से निपटने की तैयारियों पर सहयोग बढ़ाने के लिए ब्रिक्स देशों के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी शामिल हो रहे हैं।
बुधवार को श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक का उद्घाटन किया। बैठक में स्वास्थ्य से जुड़े सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
ब्रिक्स प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का एक बहुपक्षीय संगठन है, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका जैसे देश शामिल हैं।
मंगलवार को भारत ने अपनी 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत यहां पारंपरिक, पूरक और एकीकृत चिकित्सा (टीसीआईएम) पर ब्रिक्स बैठक की सफलतापूर्वक मेजबानी की। यह बैठक चंडीगढ़ में आयोजित ब्रिक्स स्वास्थ्य क्षेत्र के चार दिवसीय व्यापक कार्यक्रम का हिस्सा थी, जिसका आयोजन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और आयुष मंत्रालय ने संयुक्त रूप से किया।
भाषा तान्या वैभव
वैभव