रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर विकासखण्ड के ग्राम केन्द्री की मीरा बांधे से बातचीत की। मीरा बांधे ने प्रधानमंत्री को बताया कि उनके पति जनकलाल बांधे एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में लैब सहायक के रूप में कार्य कर रहे थे, की अचानक दिल के दौरे से मृत्यु होने पर उनके सामने दुख और आर्थिक संकट की घड़ी आ गई। ऐसे समय में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के तहत उन्हें प्राप्त 2 लाख रूपए की बीमा राशि उनके और उनके परिवार के लिए मददगार बनकर सामने आई।
गृहणी के साथ-साथ कृषि मजदूरी तक कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली मीरा ने इस राशि को अपने 3 छोटेबच्चों की पढ़ाई-लिखाई और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए बैंक में सुरक्षित रखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि इस योजना ने एक बेसहारा औरत को सहारा दिया है।
यह भी पढ़ें : भारत समेत सभी देशों को अमेरिका की चेतावनी- ईरान से कोई भी न खरीदे तेल
प्रधानमंत्री से बातचीत करते हुए मीरा ने बताया कि उन्हें गांव के बैंक मित्र योगेश्वर साहू के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की जानकारी मिली थी और उनके पति ने देना बैंक के माध्यम से 330 रूपये की प्रीमियम राशि जमा कर अपना पंजीयन कराया था। पति की आकस्मिक मृत्यु होने पर एलआईसी के माध्यम से उन्हें करीब 2-3 माह में ही बीमा की राशि प्राप्त हो गई।
मीरा से बात करते हुए पीएम मोदी ने उनके परिवारिक परिस्थितियों और उनके बच्चों की जानकारी ली और उनके घर में आए आकस्मिक संकट की घड़ी पर सांत्वना देते हुए कहा कि किसी के भी जीवन में ऐसे संकट एवं विपदा के क्षण आ सकते है। मीरा इस बात की प्रतीक है कि ऐसी जन सुरक्षा योजनाएं आकस्मिक संकट एवं विपदा में घिरे नागरिकों के लिए सहायक बनती हैं। प्रधानमंत्री ने मीरा से कहा कि वे अपनी बच्चों को अच्छी शिक्षा और परवरिश दें।
यह भी पढ़ें : 10 आकांक्षी जिलों के विकास के लिए काम करेगा सीआईआई, रमन ने बताया शुभ संकेत
प्रधानमंत्री वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से देशभर के जिला सूचना विकास केन्द्रों के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री सामाजिक सुरक्षा योजना और अटल पेंशन योजना के हितग्राहियों से रू-ब-रू हो रहे थे। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर नागरिकों से बातचीत करते हुए कहा कि कई बार जीवन में अचानक मुसीबतें और विपदा आ जाती हैं। जरूरी है कि समय रहते ऐसे समझदारी वाले कदम उठाए जाए जिससे ऐसे सदमें, दर्द और कठिन घड़ी में प्रस्तुत चुनौतियों का बहादुरी और साहस से सामना किया जा सके।
वेब डेस्क, IBC24