क्रशर व्यवसायी की मौत के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार : आईजी

Ads

क्रशर व्यवसायी की मौत के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार : आईजी

  •  
  • Publish Date - October 2, 2020 / 02:30 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:57 PM IST

महोबा (उप्र), दो अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के क्रशर व्यवसायी इन्द्रकांत त्रिपाठी की संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से मौत के चर्चित मामले में शुक्रवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

चित्रकूटधाम रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायण ने बताया कि कबरई के क्रशर व्यवसायी इन्द्रकांत त्रिपाठी को आत्महत्या के लिए बाध्य करने के आरोप (भा.द.सं. की धारा-306) में विस्फोटक सामग्री व्यवसायी सुरेश सोनी और ब्रह्मदत्‍त द्विवेदी को आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इसी मामले के आरोपी निलंबित पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार, कबरई थाने के निलंबित थानाध्यक्ष देवेन्द्र शुक्ला और एक सिपाही अरुण यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि गत सात-आठ सितंबर को पुलिस अधीक्षक (अब निलंबित) मणिलाल पाटीदार के खिलाफ छह लाख रुपये की रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल करने के कुछ घण्टे बाद कबरई के क्रशर व्यवसायी इन्द्रकांत त्रिपाठी (44) संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से घायल अवस्था में अपनी कार में पाए गए थे। 13 सितंबर को कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी थी। इस मामले में इन्द्रकांत के बड़े भाई रविकांत ने 11 सितंबर को कबरई थाने में पुलिस अधीक्षक पाटीदार, कबरई थानाध्यक्ष देवेन्द्र शुक्ला और विस्फोटक सामग्री व्यवसायी सुरेश सोनी व ब्रह्मदत्‍त द्विवेदी के खिलाफ जबरन धन वसूली (386), हत्या का प्रयास (307), साजिश रचने (120बी) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा-7/8 के तहत मामला दर्ज कराया था।

भाषा सं आनन्‍द नेत्रपाल

नेत्रपाल