मेरठ, 26 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अपने कार्यकाल मे लगातार देश की सम्पत्तियों को बेच रही है।
उन्होंने कहा कि पुरखों की विरासत को बेचने वाला कपूत और बढ़ाने वाला सपूत कहलाता है। आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह मेरठ के चैम्बर ऑफ कॉमर्स में पार्टी बैठक के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
संजय सिंह ने आरोप लगाया, ” देश के लोगों ने अगर इसका विरोध नहीं किया तो ये लोग देश को पूरी तरह से बेचकर झोला उठाकर चले जायेंगे। फिर आप और हम किसी प्राइवेट लिमिटेड के अधीन होकर रह जाएंगे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार कृषि कानूनों की आड़ मे किसानों की जमीन, खेती को बेचने की साजिश कर रही है।
सांसद ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ” अगर भाजपा सरकार का कृषि कानून किसानों के लिए वाकई लाभदायक है तो योगी जी उत्तर प्रदेश मे पंचायत चुनाव को सिम्बल पर कराएंये और गांव-गांव जाकर इस कानून के फायदे किसानों को बताएं।”
भाषा सं शफीक