एकेयूएमएस, ओरिफ्लेम इंडिया का विनिर्माण व्यवसाय खरीदेगी

Ads

एकेयूएमएस, ओरिफ्लेम इंडिया का विनिर्माण व्यवसाय खरीदेगी

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 08:25 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 08:25 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) एकेयूएमएस ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड 56 करोड़ रुपये में ओरिफ्लेम इंडिया लिमिटेड का विनिर्माण कारोबार अधिग्रहित करेगी। इस सौदे के साथ कंपनी सौंदर्य प्रसाधन कारोबार में प्रवेश करेगी।

एकेयूएमएस ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि कंपनी की पूरी तरह से अपनी अनुषंगी, प्योर एंड क्योर हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड को ओरिफ्लेम इंडिया का विनिर्माण व्यवसाय खरीदने के लिए निदेशक मंडल की मंजूरी मिल गई है।

कंपनी ने बताया कि इस सौदे के तहत उत्तराखंड के रुड़की और उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित दो विनिर्माण इकाइयों के साथ नोएडा में स्थित एक पट्टे पर लिया गया गोदाम भी शामिल है। इन परिसंपत्तियों का अधिग्रहण 56 करोड़ रुपये में किया जाएगा।

कंपनी ने कहा कि यह अधिग्रहण पूरी तरह नकद भुगतान के आधार पर किया जाएगा और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद 31 अगस्त, 2026 तक इसके पूरा होने की उम्मीद है।

एकेयूएमएस ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स के प्रबंध निदेशक संजीव जैन ने कहा, ‘‘यह अधिग्रहण एकेयूएमएस की उस रणनीति का एक अहम कदम है जिसके तहत वह दवा कारोबार से आगे बढ़कर तेजी से बढ़ने वाले दूसरे संबंधित व्यवसाय क्षेत्रों में भी काम करना चाहती है।’’

भाषा राजेश राजेश योगेश

योगेश