(Railway Stocks/ Image Credit: ANI News)
नई दिल्ली: Railway Stocks News Today बजट भाषण शुरू होते ही रेलवे सेक्टर के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) सहित कई प्रमुख रेलवे कंपनियों के स्टॉक्स ने मजबूत प्रदर्शन किया। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तेजी के पीछे बजट 2026 से जुड़े सकारात्मक संकेत और सरकारी निवेश की उम्मीदें है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार का रेलवे सेक्टर पर फोकस लगातार बढ़ रहा है। इसी वजह से निवेशक इस बार के बजट में रेलवे से जुड़े बड़े ऐलान की उम्मीद कर रहे हैं।
दरअसल, रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) का शेयर आज 1 फरवरी को 337.90 रुपये के स्तर पर खुला और दिन के कारोबार में यह 344.90 रुपये तक पहुंच गया, जो कि करीब 2% की तेजी दर्शाता है। बीते एक हफ्ते में इस कंपनी के शेयरों की कीमत में 7% की बढ़ोतरी हुई है। RVNL पर बजट से जुड़े प्रोजेक्ट्स और विकास योजनाओं की संभावना निवेशकों के लिए आकर्षक बनी हुई है।
जूपिटर वैगन्स लिमिटेड का शेयर बीएसई में 325.95 रुपये पर खुला। दिनभर के कारोबार में यह 333.40 रुपये तक पहुंच गया, यानी करीब 4% की तेजी दर्ज की गई। पिछले एक हफ्ते में इस रेलवे स्टॉक में लगभग 10% की तेजी देखने को मिली है। विशेषज्ञ मानते हैं कि बजट में रेलवे परियोजनाओं के विस्तार और सरकारी निवेश के संकेतों ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है।
इरकॉन इंटरेशनल का शेयर 160.40 रुपये के स्तर पर खुला और दिनभर के कारोबार में 167.44 रुपये तक गया, यानी 3% से अधिक की तेजी। पिछले सात दिनों में इस स्टॉक में करीब 10% की वृद्धि हुई है।
वहीं, टीटागढ़ रेल सिस्टम के शेयर 800 रुपये पर खुले और दिनभर के कारोबार में 831.95 रुपये के इंट्रा-डे हाई तक पहुंच गए। इस स्टॉक में एक हफ्ते में 6% से अधिक की तेजी देखी गई। दोनों कंपनियों पर बजट के सकारात्मक संकेत निवेशकों को आकर्षित कर रहे हैं।
रेलवे सेक्टर की कंपनियों में यह तेजी सीधे तौर पर बजट 2026 की संभावनाओं से जुड़ी है। विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार इस बार भी रेलवे के विस्तार और निवेश पर जोर दे सकती है। निवेशक उम्मीद कर रहे हैं कि बजट में नई योजनाओं और प्रोत्साहनों के ऐलान से इन स्टॉक्स में और तेजी आएगी। RVNL, जूपिटर वैगन्स, इरकॉन और टीटागढ़ जैसे स्टॉक्स निवेशकों की नजर में अब और महत्वपूर्ण बन गए हैं।
नोट:- शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।