rahul gandhi / image source: rahul gandi x handle
देहरादून: उत्तराखंड में एक मुस्लिम दुकानदार के साथ कथित बदसलूकी के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कोटद्वार में दुकान के नाम को लेकर शुरू हुए विवाद में हस्तक्षेप करने वाले दीपक कुमार नामक युवक को जान से मारने की धमकियां मिलने की बात सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने खुलकर दीपक कुमार का समर्थन किया है और उन्हें ‘भारत का हीरो’ बताया है।
उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं।
दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं – उस संविधान के लिए जिसे BJP और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं।
वे नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है।
संघ परिवार… pic.twitter.com/c1D4VHV5XO
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 1, 2026
मामला उत्तराखंड के कोटद्वार का है, जहां एक मुस्लिम पिता-पुत्र पिछले करीब 30 वर्षों से ‘बाबा स्कूल ड्रेस’ नाम से दुकान चला रहे हैं। दुकान का नाम हिंदू प्रतीक से जुड़ा होने को लेकर हिंदू समाज के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और नाम बदलने का दबाव बनाया। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार के साथ बदसलूकी भी की गई। विवाद बढ़ने पर स्थानीय हिंदू समुदाय के दो युवकों, दीपक और विजय, ने इसका विरोध किया और कथित तौर पर दबाव बनाने आए लोगों को दुकान से भगा दिया।
इसके बाद दीपक कुमार को लगातार धमकियां मिलने लगीं। बताया जा रहा है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। दीपक को मिल रही धमकियों की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी उनके समर्थन में आगे आए और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक के बाद एक पोस्ट किए।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, “हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। हमें और दीपकों की ज़रूरत है।” उन्होंने दीपक कुमार को ‘भारत का हीरो’ बताते हुए कहा कि वह संविधान और इंसानियत के लिए खड़े हैं। राहुल गांधी ने लिखा कि दीपक उस संविधान की रक्षा कर रहे हैं, जिसे बीजेपी और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साजिश कर रहे हैं।
अपने बयान में राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है, ताकि भारत को बांटकर डर के सहारे शासन किया जा सके। राहुल गांधी ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि राज्य सरकार खुलेआम उन असामाजिक तत्वों का साथ दे रही है, जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगे हैं।
राहुल गांधी ने आगे लिखा, “नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक जुमला है।” उन्होंने कहा कि देश को ऐसे लोगों की ज़रूरत है, जो न झुकें, न डरें और पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। अपने संदेश के अंत में राहुल गांधी ने दीपक कुमार को संबोधित करते हुए लिखा, “तुम बब्बर शेर हो।”