मुजफ्फरनगर में 70 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Ads

मुजफ्फरनगर में 70 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 11:28 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 11:28 PM IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), 15 सितंबर (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले के फुगाना थाना क्षेत्र के खरड़ गांव में मंगलवार को घर के बाहर सिरका बेच रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की पड़ोसी परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एम. अक्षय संजय ने बताया कि पप्पू जाट, उसके तीन बेटों राजू, तेजवीर और मनोज तथा पत्नी पुष्पा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

मृतक के बेटे ओमवीर की शिकायत के अनुसार, उसके पिता जयसिंह कश्यप घर के बाहर सिरका बेच रहे थे, तभी पड़ोसी परिवार ने कथित तौर पर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जयसिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शव पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, हत्या के कारण का अभी पता नहीं चल सका है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला