लखनऊ, तीन अक्टूबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एनसीआरबी के आंकड़ों के हवाले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झूठे आंकड़े बनाने और अपने काले कारनामों पर पर्दा डालने में भाजपा का कोई जवाब नहीं है।
वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने सपा मुखिया को नसीहत देते हुए कहा कि अखिलेश यादव जैसे जिम्मेदार व्यक्ति को इस तरह का भ्रम नहीं फैलाना चाहिए।
सपा मुख्यालय से जारी एक बयान में अखिलेश यादव ने कहा, “अभी राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने अपराध के जो आंकड़े दर्ज किए हैं, उसमें उत्तर प्रदेश हत्या, अपहरण, महिला अपराध में नंबर वन है। लेकिन जैसा कि भाजपा की आदत है, उसने सच्चाई पर पर्दा डालने के लिए आंकड़ों की बाजीगरी दिखा दी।”
यादव ने दावा किया कि “उसके (भाजपा) धोखा देने के कार्यक्रम की पोल खुल चुकी है। हर कोई अब भाजपा राज से छुटकारा पाने को बेताब है, क्योंकि जब तक भाजपा रहेगी किसी की जिंदगी सुरक्षित नहीं रहेगी।”
सपा प्रमुख ने कहा “एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि महिला अपराध में सबसे ज्यादा मामले उत्तर प्रदेश में दर्ज हुए है। मुख्यमंत्री जी यह कहते नहीं थकते कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों की खैर नही। भाजपा सरकार ने अपराध और अपराधियों पर रोक लगा दी है, लेकिन यह बयान सिर्फ छलावा साबित हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश में दलितों के साथ अपराध के आंकड़े विचलित करने वाले हैं। दलितों का दमन चरम पर है। एनसीआरबी के अनुसार दलितों के प्रति अपराध में उत्तर प्रदेश नंबर एक पर है।”
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने शुक्रवार को जारी एक वीडियो बयान में कहा कि “कोई भी अपराध निंदनीय और दुखद है, लेकिन समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश को लेकर भ्रामक तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।”
उन्होंने यादव को नसीहत देते हुए कहा, “मुझे लगता है कि उनके जैसे जिम्मेदार व्यक्ति जो उप्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, उनको इस तरह का भ्रम नहीं फैलाना चाहिए।”
श्रीवास्तव ने कहा, “उप्र में एनसीआरबी के जिन आंकड़ों का वे जिक्र कर रहे हैं, उसे देखें- चाहे जघन्य अपराध हो, चाहे अन्य अपराध हो, उप्र इतना बड़ा राज्य होने के बावजूद विभिन्न राज्यों की तुलना में कहीं 23वें और कहीं 24 वें स्थान पर है।”
मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि “उप्र में योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपराधों में लगातार कमी आई है।”
श्रीवास्तव ने कहा कि अखिलेश यादव भले विपक्षी दल के मुखिया हैं लेकिन उन्हें इस बात पर प्रसन्नता जाहिर करनी चाहिए कि अन्य राज्यों के मुकाबले उप्र में अपराधों में भारी कमी आई है।
भाषा आनन्द
संतोष
संतोष