अमेठी (उप्र), सात सितंबर (भाषा) अमेठी जिले के एक स्कूल के छात्रों ने अपनी जेब खर्च से रकम बचाकर 7,500 रुपये की राशि जिलाधिकारी के माध्यम से नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में दान की है।
जिला सूचना अधिकारी शिव दर्शन यादव ने सोमवार को बताया कि अमेठी के शाहगढ़ स्थित कृष्णा एकेडमी के विद्यार्थियों ने यह राशि अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान को सौंपी। प्रशासन ने इसे प्रधानमंत्री राहत कोष में भेज दिया है।
नेपाल के अधिकारियों के अनुसार वहां विनाशकारी बाढ़ आपदा में 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग लापता हैं। इसी के बीच अमेठी के स्कूली बच्चों की ओर से यह सहायता राशि भेजी गई है।
स्कूल के प्रबंधक दिलीप सिंह ने कहा कि बाढ़ के बाद नेपाल में बड़ी संख्या में लोग कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं और सभी को प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
प्रधानाचार्य किरण सिंह ने बताया कि विद्यालय परिवार ने समाचार पत्रों में आपदा के बारे में जानने के बाद योगदान देने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर नेपाल में बाढ़ प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति से उबरने का साहस और शक्ति दे और उन्हें जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौटने का अवसर प्रदान करे।’’
छात्रा गौरी शुक्ला ने कहा कि बाढ़ के पानी में लोगों और मकानों के बहने के वीडियो देखकर छात्रों ने पीड़ितों के लिए अपनी जेब खर्च का कुछ हिस्सा बचाने का फैसला किया।
स्कूल ने बताया कि छात्रों, शिक्षकों और प्रबंधन ने संयुक्त रूप से यह राशि एकत्र की।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि