गाजियाबाद (उप्र), नौ फरवरी (भाषा) गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में एक सेवानिवृत्त सैनिक के घर से प्रतिबंधित बोर के 42 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी सेवानिवृत्त सैनिक आदेश कुमार की पत्नी की शिकायत के बाद की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आदेश कुमार ने सेना में सेवा के दौरान कथित तौर पर गोला-बारूद चुराए थे।
उसने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मोदीनगर पुलिस ने रविवार को निवाड़ी रोड स्थित राधा कुंज कॉलोनी में आदेश कुमार के घर छापा मारा और कारतूस बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक, आदेश कुमार 1988 में जाट रेजिमेंट में भर्ती हुए थे और 2009 में सेवानिवृत्त हो गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले कविता और आदेश के बीच घरेलू विवाद हुआ था, जिसके बाद आदेश मेरठ में अपनी बहन के साथ रहने लगे।
मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोला-बारूद की कथित चोरी के आरोप सही हैं या नहीं और यह किस उद्देश्य से किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘आदेश से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल यह साफ नहीं है कि कारतूस उसने स्वयं घर में रखे थे या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।’’
भाषा सं जफर खारी
खारी