बरेली में झूठी शान को लेकर बेटी की हत्या करने के मामले में पिता, दो भाई पुलिस हिरासत में

बरेली में झूठी शान को लेकर बेटी की हत्या करने के मामले में पिता, दो भाई पुलिस हिरासत में

बरेली में झूठी शान को लेकर बेटी की हत्या करने के मामले में पिता, दो भाई पुलिस हिरासत में
Modified Date: May 27, 2026 / 07:32 pm IST
Published Date: May 27, 2026 7:32 pm IST

बरेली (उप्र), 27 मई (भाषा) बरेली में सिरौली थानाक्षेत्र के बरसेर गांव में सोमवार रात एक परिवार के कुछ लोगों ने झूठी शान को लेकर 18 साल की बेटी

की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, लड़की क्रांति अपने प्रेमी से फोन पर बात करती थी।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अंशिका वर्मा ने बताया कि मंगलवार को बरसेर गांव में एक लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना प्राप्त हुई थी।

उन्होंने कहा कि इस सूचना पर उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया जिसकी रिपोर्ट में मृत्यु का कारण दम घुटना पाया गया।

उन्होंने बताया कि क्रांति के चाचा की तहरीर पर उसके पिता और दो भाइयों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार क्रांति के पिता महेंद्र कश्यप और भाई आकाश और अमन पुलिस हिरासत में हैं तथा साक्ष्य संकलित किया जा रहा है एवं साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि महेंद्र कश्यप की 18 साल की बेटी क्रांति सोमवार शाम किसी से फोन पर बात कर रही थी, उसे ऐसा करते घरवालों ने देख लिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि रात में परिवार वालों ने उससे पूछताछ की तथा उसे बेरहमी से पीटा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में ही क्रांति की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सुबह परिवार के लोगों ने पड़ोसियों को क्रांति की उल्टी दस्त से मौत की जानकारी दी।

इसी दौरान गांव के ही विनोद कुमार ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।

भाषा सं राजेंद्र

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में