बंगाल चुनाव परिणाम देश के राजनीतिक इतिहास का एक घनघोर ‘काला दिन’ : अखिलेश यादव

Ads

बंगाल चुनाव परिणाम देश के राजनीतिक इतिहास का एक घनघोर ‘काला दिन’ : अखिलेश यादव

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 11:46 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 11:46 PM IST

लखनऊ, चार मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि देश के राजनीतिक इतिहास का ये एक घनघोर ‘काला दिन’ है।

यादव ने सोमवार को कई राज्यों, विशेषकर पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के परिणामों की कड़ी आलोचना करते हुए चुनावी प्रक्रिया के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी के साथ दुर्व्यवहार के आरोपों का वीडियो साझा कर अपनी प्रतिक्रिया में कहा “अब क्या सत्ताधारी राजनीति को पाताल से भी नीचे ले जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि “देश के राजनीतिक इतिहास का ये एक घनघोर ‘काला दिन’ है। आज पूरा देश आक्रोशित है और लोकतंत्र व्यथित।”

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “चुनावी व्यवस्था के नाम पर केंद्रीय बलों का जो दुरुपयोग मतगणना में आज बंगाल में हुआ है, ठीक वैसा ही घपला 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अधिकांश जगह किया गया था, जिसकी साक्षात गवाह कन्नौज की विधानसभा सीट थी।”

सपा प्रमुख ने कहा, “फिर इसी निंदनीय मॉडल को फर्रुखाबाद के 2024 लोकसभा चुनाव में दोहराया गया था।”

यादव ने कहा, “सब जानते हैं कि क्या हुआ है और सच क्या है और जनमत की खुली लूट कैसे हुई है। घोर, घोर, घोर निंदनीय!!!”

इससे पहले, यादव ने एक अन्य पोस्ट में एक शेर के जरिए निशाना साधते हुए कहा, “हर फरेबी फतह की एक मियाद होती है ये बात ही ‘सच्चाई की बुनियाद’ होती है।”

भाषा

आनन्द रवि कांत