लापता अग्निवीर का शव फर्रुखाबाद में खाली बैरक में मिला

Ads

लापता अग्निवीर का शव फर्रुखाबाद में खाली बैरक में मिला

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 06:01 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 06:01 PM IST

फर्रुखाबाद, 18 जून (भाषा) तीन दिन से लापता 22 वर्षीय अग्निवीर का शव बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ में सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट सेंटर के एक खाली बैरक में फंदे से लटका हुआ मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान जसनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के बरनाला जिले के भगतपुर गांव का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि बैरक से तेज बदबू आने के बाद जब पुलिस को सूचना दी गई, तब इस पूरी घटना का खुलासा हुआ।

जसनप्रीत फतेहगढ़ में सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट में तैनात था। वह प्रशिक्षण के लिए इस साल मार्च में फतेहगढ़ आया था।

अधिकारियों के मुताबिक, जसनप्रीत तीन दिन पहले अपनी बटालियन से लापता हो गया था, जिसके बाद अधिकारी उसे ढूंढने की कोशिशों में जुटे थे।

अधिकारियों ने बताया कि शव दो-तीन दिन पुराना लगता है और काफी बुरी अवस्था में है। उन्होंने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है।

अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि जसनप्रीत ने बैरक को भीतर से बंद कर लिया और फिर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को संबंधित सैन्य इकाई को सौंप दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि जसनप्रीत की मौत दम घुटने की वजह से हुई।

सूत्रों ने बताया कि सेना और स्थानीय पुलिस के अधिकारी उन परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं, जिनकी वजह से अग्निवीर ने कथित तौर पर आत्महत्या का कदम उठाया।

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल