हजरतगंज बाजार पहुंचे मुख्यमंत्री, व्यापारियों और खरीदारों को बताये जीएसटी सुधार के फायदे

Ads

हजरतगंज बाजार पहुंचे मुख्यमंत्री, व्यापारियों और खरीदारों को बताये जीएसटी सुधार के फायदे

  •  
  • Publish Date - September 24, 2025 / 12:55 PM IST,
    Updated On - September 24, 2025 / 12:55 PM IST

लखनऊ, 24 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में हाल ही में किये गये सुधारों के प्रचार के सिलसिले में आज राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित बाजार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और खरीदारों से बातचीत की और उन्हें जीएसटी सुधार से होने वाले फायदों के बारे में बताया।

प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के साथ हजरतगंज पहुंचे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ बाजार की कई दुकानों पर जाकर व्यापारियों और ग्राहकों से बात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें गत 22 सितंबर को लागू किये गये जीएसटी सुधारों और अनेक उपभोक्ता वस्तुओं पर जीएसटी दर कम किये जाने के फायदों के बारे में बताया।

बाद में संवाददाताओं से बातचीत में आदित्यनाथ ने कहा, ”पूरे देश में उपभोक्ता, व्यापारी और उद्यमी हर ओर से यही आवाज है कि जीएसटी का मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार।”

उन्होंने कहा, ”नवरात्रि के दिन 22 सितंबर से जीएसटी की नई दरें लागू हो चुकी है और आम उपभोक्ता को बड़ी राहत दी गई है। इसका लाभ सामान्य नागरिक तो ले ही रहा है, साथ ही बाजार में एक मजबूती आई है। माल की खपत होने से व्यापारी और उद्यमियों को भी लाभ हो रहा है और युवाओं के लिए नए रोजगार का सृजन भी हुआ है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, ”विद्यार्थियों को नोटबुक, पेंसिल और शिक्षण सामग्री में जीएसटी को खत्म किया गया है। घर के उपयोग में आने वाले सभी प्रकार की सामग्रियों में जीएसटी में भारी कटौती करके उसे पांच प्रतिशत या शून्य तक लाया गया है। त्यौहारों के सीजन में यह जीएसटी का इतना बड़ा सुधार अपने आप में स्वागत योग्य है और हर तबके का व्यक्ति इस सुधार का स्वागत कर रहा है।”

उन्होंने कहा कि जीएसटी में ताजा सुधारों की वजह से 33 जीवन रक्षक दवाओं को जीएसटी से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है। साथ ही अन्य तमाम प्रकार की छूट दी गई है। इसका लाभ हर तबके को प्राप्त होगा। इस सुधार की वजह से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही महंगाई को न्यूनतम स्तर पर लाने में भी मदद मिलेगी। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है इसलिए इस राज्य को इस जीएसटी सुधार का सबसे बड़ा लाभ मिलेगा।

भाषा सलीम मनीषा रंजन

रंजन