बाबा साहेब को ‘भारत रत्न’ न मिले इसके लिए कांग्रेस ने हर प्रकार से षड्यंत्र रचे : योगी आदित्यनाथ
बाबा साहेब को ‘भारत रत्न’ न मिले इसके लिए कांग्रेस ने हर प्रकार से षड्यंत्र रचे : योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, 14 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंगलवार को विपक्षी दलों, खासतौर से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि बाबा साहेब को ‘भारत रत्न’ न मिले, इसके लिए कांग्रेस ने ‘‘हर प्रकार से षड्यंत्र रचे।’’
योगी आदित्यनाथ ने यहां आंबेडकर महासभा परिसर में बाबा साहेब की 135वीं जयंती पर आयोजित एक समारोह में उनके सिद्धांतों पर आधारित एक स्मारिका का लोकार्पण किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने बाबा साहेब को कभी सम्मान नहीं दिया, चुनाव लड़ने से वंचित करने का प्रयास किया और उन्हें भारत रत्न न मिले, इसके लिए उसने हर प्रकार के षड़यंत्र रचे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज वह (कांग्रेस) भी संविधान की प्रति लेकर भले ही घूम रही है, लेकिन इसकी वास्तविकता को समझने की आवश्यकता है।”
योगी ने कहा, “मुझे प्रसन्नता है कि बाबा साहेब की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कार्यक्रम अपने हाथ में लिया है। पहले चरण में सभी 75 जिलों में एक-एक स्थान पर और इसके बाद जहां बाबा साहब की प्रतिमाएं सार्वजनिक स्थानों पर हैं, वहां चारदीवारी और छतरी की व्यवस्था की जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज पूरा देश भारत माता के महान सपूत को स्मरण कर रहा है, जिनका जीवन “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना को साकार करने और गरीबों को न्याय दिलाने के लिए समर्पित था।’’
उन्होंने कहा, “आज हर दलित, वंचित, गरीब और महिला न्याय की अपेक्षा रखती है और उसे बाबा साहेब के विचारों में रोशनी दिखाई देती है।”
विपक्षी दलों की सक्रियता पर तंज कसते हुए योगी ने कहा, “बाबा साहेब के विचारों का जो प्रकाश फैला है, उसे हड़पने के लिए स्वार्थी ताकतें उनके नाम का उपयोग कर रही हैं और घड़ियाली आंसू बहा रही हैं।”
उन्होंने कहा, “ये वही लोग हैं जिन्हें दलितों, वंचितों, महिलाओं और गरीबों से नफरत रही है और जिन्होंने सामाजिक न्याय के पुरोधाओं का अपमान किया। आज वे लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।”
योगी ने सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘बाबा साहेब और संत रविदास के नाम पर बने जनपदों के नाम क्यों बदले गए और कन्नौज के सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम क्यों बदला गया।’’
उन्होंने आरोप लगाया, “गरीबों, दलितों और वंचितों के हक पर डकैती डाली गई।”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “जब इन नामों की बात सामने आएगी, तो समाजवादी पार्टी के मौजूदा मुखिया का ही नाम सामने आएगा। ये वे लोग हैं जो चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए और इन्होंने गरीबों, दलितों और वंचितों की पीड़ा को कभी नहीं समझा।”
उन्होंने कहा, ‘‘बाबा साहेब के प्रयासों से मिलने वाले जमीन के पट्टों से भी आपको वंचित करने का प्रयास किया गया।’’
मुख्यमंत्री ने असीम अरुण को धन्यवाद देते हुए कहा कि कन्नौज के मेडिकल कॉलेज का नाम फिर से बाबा साहेब के नाम पर करने की घोषणा कराई गई।
सपा पर हमला जारी रखते हुए योगी ने कहा, “जो लोग आज घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, उनकी वास्तविकता देखिए। स्टेट गेस्ट हाउस में महिलाओं के साथ किस तरह का बर्बर व्यवहार किया गया था।”
उनका इशारा 1995 में बसपा प्रमुख मायावती के साथ हुई ‘गेस्ट हाउस कांड’ की घटना की ओर था।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
आंबेडकर महासभा में उन्होंने सभी 75 जिलों में आंबेडकर की मूर्तियों के संरक्षण एवं छत्र निर्माण कार्य का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया।
इस मौके पर महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी निर्मल, सांसद बृजलाल और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद थीं।
महासभा के महामंत्री अमरनाथ ने सभी अतिथियों को संविधान की प्रति भेंट की।
डॉ. लालजी निर्मल ने अपने संबोधन में आंबेडकर महासभा के दशकों के संघर्ष की जानकारी दी और सपा तथा कांग्रेस पर दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाया।
योगी आदित्यनाथ का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरा उत्तर प्रदेश “आंबेडकरमय” हो गया है।
भाषा आनन्द खारी
खारी

Facebook


