बिजनौर (उप्र) 12 मार्च (भाषा) बिजनौर जिले में एक युवक ने कथित तौर पर एक बुजुर्ग महिला को अपनी मोटरसाइकिल से उसके गंतव्य तक छोड़ने का भरोसा देकर जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी और दो हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक ने हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस पर गोली चला दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली लगने से वह घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को शेरकोट-अफजलगढ़ मार्ग पर जंगल में बुजुर्ग महिला कश्मीरी देवी (70) का शव मिला था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रविवार को आरोपी जीशान को गिरफ्तार किया।
श्रीवास्तव के अनुसार जीशान ने पुलिस को बताया कि उसने महिला को धामपुर से मोटरसाइकिल से जंगल में लाकर पत्थर से हत्या की और मोबाइल व दो हजार रुपए लूट लिए।
उन्होंने बताया कि पुलिस हिरासत के दौरान जीशान ने तमंचे से गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस की जवाबी गोलीबारी में जीशान पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई है।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब