मेरठ, 30 मई (भाषा) मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में कथित रूप से चार लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोंसले ने शनिवार को बताया कि 27 मई को कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के जेवरी गांव के ललित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने फोन कर उनसे चार लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में कंकरखेड़ा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उन्होंने बताया कि कंकरखेड़ा पुलिस और ‘स्वाट’ की संयुक्त टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पंकज, तनवीर, हर्ष कुमार, अंकित, राहुल और वाहिद की पहचान की।
भोंसले के अनुसार पुलिस ने पहले आज हर्ष कुमार और अंकित को गिरफ्तार किया तथा उनकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि पावली फाटक के पास दबिश के दौरान पंकज और तनवीर ने पुलिस टीम पर गोली चला कर भागने का प्रयास किया लेकिन जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि इसके बाद राहुल और वाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, कारतूस, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और घटना में इस्तेमाल किया गया सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के संबंध में अलग से मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, हथियार कानून, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार