लखनऊ में दो जगहों पर लगी आग, कोई हताहत नहीं

Ads

लखनऊ में दो जगहों पर लगी आग, कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 03:04 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 03:04 PM IST

लखनऊ, 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को आग लगने की दो घटनाएं सामने आईं। हालांकि, इनमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, विकास नगर इलाके में महावीर इंटर कॉलेज के सामने स्थित बाजार में दोपहर करीब 12 बजे एक इमारत के भूतल और पहली मंजिल पर संचालित जूते-चप्पल की दुकान में आग लगने की सूचना मिली।

पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को खाली करवाया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उसने बताया कि आग की लपटों को फैलने से रोकने के लिए आसपास के घरों में मौजूद एलपीजी सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील पदार्थ को सुरक्षित रूप से हटा दिया गया।

पुलिस के अनुसार, दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर एक घंटे में काबू पा लिया गया। उसने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में चिनहट थाना क्षेत्र में रामा डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस के मुताबिक, आग अपार्टमेंट के एक कमरे तक सीमित थी और इस पर आधे घंटे की मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया। उसने बताया कि संबंधित इमारत का इस्तेमाल ‘होम-स्टे’ और कार्यालय के रूप में किया जाता है।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय प्रभावित मंजिल पर तीन लोग ठहरे हुए थे, लेकिन उनमें से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। उसने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है।

भाषा

जफर वैभव पारुल

पारुल