आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराई कार, दंपति समेत पांच लोगों की मौत

आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराई कार, दंपति समेत पांच लोगों की मौत

आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराई कार, दंपति समेत पांच लोगों की मौत
Modified Date: May 16, 2026 / 09:31 pm IST
Published Date: May 16, 2026 9:31 pm IST

आजमगढ़, 16 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कंधरापुर इलाके के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार कार के एक कंटेनर से टकराने के कारण दंपति सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सियरहा गांव के पास हुआ, जब कार आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

कंधरापुर और कोतवाली थानों की पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की राहत टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक सभी लोग हरियाणा के निवासी थे और उनकी पहचान स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार तेज रफ्तार में थी और चालक संभवतः आगे चल रहे कंटेनर को देख नहीं सका, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

घटना स्थल का वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों से संपर्क करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में