संभल (उप्र), सात अगस्त (भाषा) संभल जिले के बहजोई डाकघर के सहायक पोस्टमास्टर को लोगों के खातों से 1.4 करोड़ रुपये गबन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी और कहा कि मामले में सात अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार विश्नोई ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी दीपक कुमार पर लोगों के खाते से धनराशि गबन करने का आरोप है।
उन्होंने कहा कि 2023 में चंदौसी डाकघर से बहजोई में उसका स्थानांतरण हुआ था।
एसपी के अनुसार आरोपी सावधि जमा और बचत खाते में पैसे जमा कराने आने वाले लोगों से रकम लेकर रसीद नहीं देता था।
उन्होंने कहा कि जिन खातों में मोबाइल नंबर लिंक नहीं थे, उन्हीं को निशाना बनाकर पैसे हड़पे गए।
विश्नोई ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की गई और सात लोगों की तहरीर के आधार पर बहजोई थाने में अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज हुईं।
उन्होंने कहा कि अब तक 1.4 करोड़ रुपये के गबन की पुष्टि हुई है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी ने गबन की रकम ‘ड्रीम-11’ वेबसाइट पर सट्टा खेलने में लगा दी और बड़ी राशि हार गया।
जांच में यह भी पता चला कि दीपक कुमार के खातों से ड्रीम-11 के खातों में करीब चार करोड़ रुपये अंतरित हुए हैं और इसकी भी जांच की जा रही है।
एसपी ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में आरोपी के वरिष्ठ अधिकारी की भूमिका भी सामने आई है और उनके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्तुति सिंह कर रही हैं।
एसपी ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने बहजोई या चंदौसी डाकघर में रुपये जमा किए हों और वह रकम खाते में न आई हो, तो वह तुरंत संभल पुलिस को सूचना दे।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब