गाजियाबाद (उप्र), 17 मार्च (भाषा) गाजियाबाद जिले के नंदग्राम थानाक्षेत्र में खेत में घायल अवस्था में मिली चार वर्षीय एक बच्ची की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार नंदग्राम पुलिस को सोमवार रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि एक छोटी बच्ची खेत में घायल अवस्था में पड़ी मिली है और स्थानीय निवासी एवं उसके माता-पिता उसे पास के अस्पताल ले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी एवं डॉग स्क्वॉड की टीम ने वहां से सबूत जुटाए। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच के दौरान, बच्ची के परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि पास में रहने वाले करीब 24 साल का गौरव प्रजापति शाम को बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
पुलिस ने बताया कि गौरव नाम का यह युवक इस घटना से पहले से बच्ची के परिवार वालों का परिचित था। पुलिस ने बताया कि इन सभी तथ्यों का संज्ञान लेते हुए, पुलिस ने आरोपी गौरव प्रजापति को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ कर रही है।
शहर क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) धवल जायसवाल ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि परिवार वालों से एक लिखित शिकायत मिली है, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
भाषा सं आनन्द
अमित
अमित