विधायक मुक्ता संजीव राजा और ब्रजभूषण राजपूत को सदन ने दी जन्मदिन की बधाई

Ads

विधायक मुक्ता संजीव राजा और ब्रजभूषण राजपूत को सदन ने दी जन्मदिन की बधाई

  •  
  • Publish Date - May 28, 2022 / 02:59 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:00 PM IST

लखनऊ, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा में शनिवार को सदन की ओर से दो सदस्यों को जन्मदिन की बधाई दी गई। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अलीगढ़ से निर्वाचित विधानसभा सदस्य मुक्ता संजीव राजा और महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र से ब्रजभूषण राजपूत को अपनी तथा सदन की ओर से जन्मदिन की बधाई दी।

अध्‍यक्ष महाना ने मुक्ता संजीव राजा और ब्रजभूषण राजपूत के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुक्ता संजीव राजा अलीगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर पहली बार निर्वाचित हुई हैं। 28 मई 1966 को मुक्ता का जन्‍म अलीगढ़ में हुआ। जन्मदिन की बधाई मिलने पर मुक्‍ता ने खड़े होकर सदन के प्रति आभार जताया।

अध्यक्ष ने ब्रजभूषण राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि उनका जन्‍म 28 मई 1982 को उरई में हुआ और वह महोबा जिले के चरखारी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं।

हालांकि ब्रजभूषण राजपूत सदन में मौजूद नहीं थे, लेकिन महाना ने कहा कि यह बधाई उन्हें प्रेषित की जाती है।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार से सदन में एक नई परंपरा की शुरुआत की। इसके तहत अगर सत्र के दौरान किसी सदस्य का जन्मदिन होगा तो उसे सदन की ओर से बधाई दी जाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को प्रश्नकाल के बाद सदन को संबोधित करते हुए कहा था, ‘‘ एक नई परंपरा की शुरुआत कर रहा हूं। अगर किसी विधानसभा सदस्य का सत्र के दौरान जन्मदिन हो तो उन्हें हम लोग बधाई देंगे।’’

शुक्रवार को सदन ने सदस्य रामनरेश अग्निहोत्री को बधाई देकर इस परंपरा की शुरुआत की थी।

भाषा आनन्द शोभना

शोभना