वाराणसी में मोबाइल चोरी के शक में नाबालिग को पीट-पीटकर मार डाला, एक आरोपी गिरफ्तार

Ads

वाराणसी में मोबाइल चोरी के शक में नाबालिग को पीट-पीटकर मार डाला, एक आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 11:28 AM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 11:28 AM IST

वाराणसी (उप्र), 30 मार्च (भाषा) वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर में कथित तौर पर मोबाइल चोरी के शक में एक नाबालिग किशोर को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पंडितपुर निवासी सोनू अली (16) के रूप में हुई है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि किशोर की मां ने तहरीर में आरोप लगाया है कि सोनू अली शनिवार रात जब अपने घर पर था तभी घमहापुर निवासी रमेश उर्फ बबलू पटेल अपने साथियों संग वहां पहुंचा और उस पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाने लगा।

तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने सोनू को जबरन ले जाकर पंडितपुर पेट्रोल पंप के पास एक अंडरपास में लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद आरोपी उसे भदवार पुलिस चौकी ले गए और मोबाइल चोरी का आरोप लगाने लगे।

पुलिस ने सोनू को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि किशोर की मां की तहरीर के आधार पर रमेश उर्फ बबलू पटेल, रवि पटेल, रोहित, गोविंद, गौरव पाल, आजाद अली और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रविवार को भारतीय न्याय संहिता की संबद्ध धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में रमेश उर्फ बबलू पटेल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी