भदोही में स्कूल जाते समय ग्राम प्रधान की नाबालिग बेटी का ट्रक चालक ने अगवा किया
भदोही में स्कूल जाते समय ग्राम प्रधान की नाबालिग बेटी का ट्रक चालक ने अगवा किया
भदोही (उप्र), 11 मार्च (भाषा) भदोही जिले में एक नाबालिग लड़की का पिछले साल नवंबर में स्कूल जाते समय एक ट्रक चालक ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया था लेकिन लोकलाज के चलते उसके ग्राम प्रधान पिता ने इस मंगलवार को पुलिस को इसकी सूचना दी है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, चौरी थानाक्षेत्र के एक ग्राम प्रधान की बेटी और 11वीं कक्षा की 16 छात्रा पिछले साल 26 नवंबर को स्कूल के लिए घर से निकली थी।
पुलिस का कहना है कि जब वह घर नहीं लौटी, तो उसके परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और उसे पता चला कि वह उस दिन स्कूल भी नहीं पहुंची थी।
पुलिस ने कहा कि महीनों की तलाश के बाद ग्राम प्रधान ने मंगलवार को ट्रक चालक और उसी थाना क्षेत्र के समालकोट गांव के निवासी जितेंद्र कुमार सरोज (35) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार दरअसल प्रधान लोकलाज के चलते पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा रहे थे।
चौरी के थाना प्रभारी राम सरीख गौतम ने बुधवार को कहा कि लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौतम ने कहा कि पुलिस टीम ने बुधवार को आरोपी के आवास पर छापेमारी की, लेकिन उसकी बुजुर्ग मां को छोड़कर परिवार का कोई अन्य सदस्य घर पर नहीं मिला।
थानाधिकारी ने कहा कि सरोज एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के लिए ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करता है और घटना के दिन वह इलाके में आया था।
कथित तौर पर ग्राम प्रधान के कुछ रिश्तेदारों ने उस दिन उसे एक किशोरी के साथ ट्रक में देखा था ।
गौतम ने बताया कि घटना के बाद से सरोज पिछले चार महीने से लापता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस छानबीन में उस ट्रांसपोर्ट कंपनी के सहयोग ले रही है जहां आरोपी कार्यरत है ताकि उसका पता लगाया जा सके और नाबालिग लड़की को बरामद किया जा सके । उन्होंने कहा सभी संभावित स्थानों पर तलाशी ली जा रही है।
भाषा सं जफर
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


