भारत-नेपाल सीमा के पास ढाई करोड़ रुपये की चरस के साथ एक नेपाली नागरिक गिरफ्तार

Ads

भारत-नेपाल सीमा के पास ढाई करोड़ रुपये की चरस के साथ एक नेपाली नागरिक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 07:40 PM IST

बहराइच, (उप्र), 13 मई (भाषा) बहराइच जिले के रूपईडीहा थानाक्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बुधवार को भारत-नेपाल सीमा के पास एक बाजार में लगभग 2.5 करोड़ रुपये मूल्य की 4.665 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि पड़ोसी देश से चरस की खेप तस्करी कर भारत लायी जा रही है।

उन्होंने बताया कि इसी गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और एसएसबी की 42वीं बटालियन की एक संयुक्त टीम ने छापेमारी की और नेपाल के बांके जिले के बड़ा प्रहरी थानाक्षेत्र के एकलैनी गांव के मोहम्मद जाबिर हलवाई को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक आरोपी के पास से 4.665 किलोग्राम चरस बरामद हुई है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2.5 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि वह नेपाल से मादक पदार्थ लाया था और इसे भारत में बेचने की योजना बना रहा था।

एसपी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही चल रही है।

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार