मथुरा (उप्र), छह मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार को एक आवासीय सोसायटी की पानी का टंकी का दूषित पेयजल पीकर एक दर्जन से अधिक लोग डायरिया के शिकार हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं और टंकी की नियमित साफ-सफाई कराने की सलाह दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दिल्ली-आगरा राजमार्ग के पास कृष्ण लोक आवासीय सोसायटी से कुछ लोगों को पेटदर्द, उल्टी व दस्त होने की शिकायत मिली थी। तुरंत ही निकट स्थित राल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम को रवाना कर दिया गया।
बाद में, जिला मुख्यालय से भी एपिडेमियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों द्वारा सभी रोगियों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। सभी के स्वास्थ्य में सुधार है तथा स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि आवासीय सोसायटी द्वारा समय-समय पर पानी की टंकी की सफाई न कराए जाने से यह स्थिति बनी।
मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. राकेश सिंह को पानी की टंकी का निरीक्षण करने पर पक्षियों की बीट, बंदरों की गंदगी और कीड़े मिले हैं। उन्होंने बताया कि दूषित पानी के सेवन से संक्रमण हो जाने के चलते बच्चों, बुजुर्गों सहित करीब एक दर्जन से अधिक व्यक्ति डायरिया के शिकार हो गए।
भाषा सं जफर आशीष
आशीष