चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत से पीडीए मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाया जा रहा: अखिलेश यादव

Ads

चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत से पीडीए मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाया जा रहा: अखिलेश यादव

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 10:54 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 10:54 PM IST

इटावा (उप्र), 14 फरवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में निर्वाचन आयोग और भाजपा की ‘‘मिलीभगत’’ से सपा समर्थित पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाया जा रहा है।

यहां पत्रकारों से बात करते हुए यादव ने दावा किया कि नाम हटाने के लिए बड़ी संख्या में फॉर्म सात आवेदन ‘‘अज्ञात व्यक्तियों’’ द्वारा दायर किए गए थे और इनमें मुस्लिम और समाजवादी पार्टी के मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और चुनाव आयोग से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

यादव एक पूर्व केंद्रीय मंत्री के बेटे के निधन के बाद शोक संतप्त परिवार से मिलने आए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर एक भी एसडीएम या डीएम के खिलाफ कार्रवाई की जाती, तो ऐसी अनियमितताएं रुक जातीं। इससे पता चलता है कि चुनाव आयोग, सरकार और प्रशासन मिलीभगत से काम कर रहे हैं।’’

अमेरिका के साथ हाल ही में हुए व्यापार समझौते पर टिप्पणी करते हुए सपा प्रमुख ने भारत की अर्थव्यवस्था पर विदेशी कृषि उत्पादों के प्रभाव पर चिंता व्यक्त की और कहा कि उनकी पार्टी किसानों तथा गरीबों के लिए हानिकारक किसी भी समझौते का विरोध करेगी।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला