इटावा, 10 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में पुलिस ने पति की कथित तौर पर हत्या के लिए पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भरथना थाना क्षेत्र के पडिया पुरा गांव के निवासी 45 वर्षीय रणवीर सिंह का खून से लाथपथ शव सोमवार की सुबह उसके घर से बरामद किया गया था।
उन्होंने बताया कि पास में ही खून से सनी एक कुल्हाड़ी भी पायी गयी थी और इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई प्रदीप कुमार की शिकायत पर रणवीर की पत्नी पूजा और उसके कथित प्रेमी अर्पित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
अधिकारी ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पूजा का उसी गांव में रहने वाले 20 वर्षीय लड़के अर्पित से संबंध था, जिसका विरोध करने पर दोनों ने मिलकर रणवीर की हत्या की साजिश रची।
उन्होंने बताया कि आठ व नौ फरवरी की दरमियानी रात दोनों ने रणवीर को खूब शराब पिलायी और जब वह गहरी नींद में सो गया तो उसपर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी पूजा और अर्पित को अहनैया नदी के पुल पर गिरफ्तार कर लिया गया तथा दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे दोनों एक दूसरे से प्रेम करते हैं और रणवीर के विरोध करने पर दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र