बीएनपी ने मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘भारत के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ने के लिए उत्सुक हैं’

Ads

बीएनपी ने मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘भारत के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ने के लिए उत्सुक हैं’

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 10:55 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 10:55 PM IST

ढाका, 14 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव में भारी जीत हासिल करने वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने शनिवार को कहा कि वह दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता के लिए भारत के साथ साझा प्रतिबद्धता एवं रचनात्मक जुड़ाव की उम्मीद करती है।

बीएनपी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस पोस्ट का जवाब दे रही थी जिसमें उन्होंने पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान को “निर्णायक जीत” के लिए बधाई दी थी, जो “बांग्लादेश की जनता के विश्वास को दर्शाती है”।

रहमान की बीएनपी ने शुक्रवार को हुए ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की।

बीएनपी ने एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय चुनावों में बीएनपी की निर्णायक जीत सुनिश्चित करने में तारिक रहमान के नेतृत्व की सराहना करने के लिए मोदी को धन्यवाद।

पार्टी ने कहा, “यह परिणाम बांग्लादेश की जनता द्वारा हमारे नेतृत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में रखे गए विश्वास और भरोसे को दर्शाता है।”

पार्टी ने कहा, “बांग्लादेश अपने सभी नागरिकों के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों, समावेशिता और प्रगतिशील विकास को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। हम आपसी सम्मान, एक-दूसरे की चिंताओं के प्रति संवेदनशीलता और अपने क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के प्रति साझा प्रतिबद्धता के मार्गदर्शन में, भारत के साथ रचनात्मक रूप से जुड़कर अपने बहुआयामी संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को चुनावी जीत के लिये बीएनपी प्रमुख रहमान को बधाई दी थी।

भाषा प्रशांत रंजन

रंजन