उत्तर प्रदेश में अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम हुई बारिश
उत्तर प्रदेश में अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम हुई बारिश
लखनऊ, तीन अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश में अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है और मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी।
विभाग ने बताया कि अगले चार से पांच दिनों में मानसून के सक्रिय होने की संभावना के कारण मौसम में सुधार की उम्मीद है।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तीन अगस्त तक राज्य में सामान्य 380.4 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले 271.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
विभाग ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की कमी 34 प्रतिशत रही, जहां सामान्य 408.9 मिलीमीटर के मुकाबले 268.3 मिलीमीटर बारिश हुई।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 340.6 मिलीमीटर के मुकाबले 275.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो औसत से 19 प्रतिशत कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तरी मध्यप्रदेश और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बनने से राज्य में मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
विभाग ने बताया कि इसके प्रभाव से सात अगस्त तक उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, चार और पांच अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि छह अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
विभाग ने बताया कि सात अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


