मिर्जापुर (उप्र), 20 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत बृहस्पतिवार को शक्तेशगढ़ आश्रम में स्वामी अड़गड़ानंद महाराज का दर्शन करने के बाद शाम को देवरहा बाबा आश्रम पहुंचे और उन्होंने हनुमान जी की पूजा कर 76 मन लड्डू चढ़ाया।
देवरहा बाबा आश्रम के प्रबंधक अतुल कुमार सक्सेना ने बताया कि संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शक्तेशगढ़ आश्रम (चुनार) पहुँचकर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज से मुलाकात की और पूजा स्थल का दर्शन किया।
सक्सेना ने बताया कि बाद में भागवत देवरहा बाबा आश्रम पहुंचे और उन्होंने प्रभु हनुमान की पूजा की। प्रबंधक के अनुसार संघ प्रमुख ने साथ ही हनुमानजी को 76 मन का लड्डू चढ़ाया। एक मन आमतौर पर 40 किलोग्राम के बराबर होता है।
भागवत ने स्वामी अड़गड़ानंद महाराज से बातचीत के दौरान कहा कि उनके मन में इस मुलाकात की जिज्ञासा बहुत दिनों से थी।
संघ प्रमुख आज देवरहा बाबा आश्रम में रात्रि विश्राम करेंगे।
इससे पूर्व, जिला प्रशासन ने भागवत के आगमन के मद्देनजर विशेष सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई। इसमें दो अपर पुलिस अधीक्षक, चार पुलिस क्षेत्राधिकारी, पीएसी और पुलिस के जवान तैनात किये गये।
भाषा सं सलीम राजकुमार