हरदोई (उप्र), 26 फरवरी (भाषा) हरदोई जिले में शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे युवक ने छात्रा को सिर पर बांका मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद आरोपी ने एक सिपाही की राइफल छीन ली और गोलीबारी करते हुए भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी और हेड मोहर्रिर के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के लोनार थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की रहने वाली 18 वर्षीय छात्रा बुधवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर अपनी एक सहेली के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने सिर पर बांके से ताबड़तोड़ वार करके उसे लहूलुहान कर दिया और मौके से भाग गया।
सूत्रों ने बताया कि छात्रा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि लड़की के परिजन के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के असलापुर गांव का रहने वाला पंकज नामक युवक लंबे समय से छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था।
छात्रा के इनकार करने के बावजूद वह लगातार उसका पीछा कर रहा था। सूत्रों ने बताया कि परिवार का आरोप है कि सोमवार को चौकी पर लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, जिसके बाद आरोपी ने घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि हमले के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। लेकिन पुलिस की टीम आरोपी को लेकर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांका बरामद करके लौट रही थी तभी पंकज ने रोहित नामक सिपाही की राइफल छीन ली और उससे गोलीबारी करते हुए भागने लगा।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने उसे दोबारा पकड़ने के लिए तुरंत घेराबंदी की और उसे रुकने की चेतावनी दी। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद पुलिस की जवाबी गोलीबारी में एक गोली पैर में लगने से आरोपी पंकज घायल हो गया जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान एक सिपाही रोहित भी गोली के छर्रे लगने से जख्मी हो गया।
उन्होंने बताया कि घायल आरोपी और सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी और हेड मोहर्रिर के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं सलीम मनीषा संतोष
संतोष