लखनऊ, दो जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी बॉर्डर इलाके में दो युवकों ने ‘रोड रोज’ की घटना के बाद हर्जाने को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर पर कथित तौर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मुस्तफाबाद कॉलोनी निवासी मोहम्मद जैद के रूप में हुई है, जो 29 जून को बेहटा हाजीपुर नहर रोड के पास एक स्विमिंग पूल में तैराकी के बाद अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
पुलिस ने बताया कि जैद और उसके दोस्त जब इंद्रप्रस्थ गैस प्लांट क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तो उनकी मोटरसाइकिल एक कार से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, टक्कर के कारण दोनों पक्षों में बहस छिड़ गई, जिसके बाद कार सवार राहुल मावी उर्फ पहलवान और अनुज कसाना ने जैद को जबरदस्ती अपने वाहन में बैठाया और उसे पास में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में ले गए।
पुलिस ने बताया कि टक्कर में कार को पहुंचे नुकसान की भरपाई को लेकर जैद, राहुल और अनुज में तीखी बहस हुई, जिसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के साथ कथित तौर पर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि बाद में जैद के दोस्त उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, जैद के भाई शाकिर की शिकायत पर लोनी बॉर्डर थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सहायक पुलिस आयुक्त (अंकुर विहार) अमरदीप कुमार मौर्य ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य विवरण का विश्लेषण करने के बाद राहुल मावी उर्फ पहलवान को गिरफ्तार कर लिया गया।
मौर्य के अनुसार, पूछताछ के दौरान राहुल ने स्वीकार किया कि वह टक्कर के बाद जैद को अपने कार्यालय ले गया था, जहां मारपीट हुई थी।
उन्होंने कहा कि फरार सह-आरोपी अनुज कसाना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम छापेमारी कर रही हैं।
भाषा
सं जफर पारुल
पारुल