लखनऊ, एक जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जन्मदिन पर बधाई देने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को धन्यवाद दिया।
गांधी ने ‘एक्स’ पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, ‘जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई अखिलेश यादव जी। पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) की हिस्सेदारी से सामाजिक न्याय का संकल्प हम मिल कर पूरा करेंगे। अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं।’
इस पर यादव ने राहुल गांधी को धन्यवाद देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘जन्मदिन की बधाई देने के लिए श्री राहुल गांधी जी को बहुत-बहुत धन्यवाद!’
उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘सामाजिक न्याय का राज लाने में साथ निभाने वाले सब लोगों का स्वागत है। हमें अपनी एकता का संकल्प हर बार दोहराना है और सांप्रदायिक ताक़तों को दबे-छिपे लाभ पहुंचानेवालों के चेहरे से परदा हटाना है।’
सपा प्रमुख यादव ने कहा, ‘पीडीए राजनीति से बहुत ऊपर उठकर देश की 95 प्रतिशत उस आबादी के हक-अधिकार, मान-सम्मान और ख़ुशहाली-तरक़्की का आंदोलन है, जो सदियों से हर समाज में शोषित, वंचित, ग़रीब रहे हैं।’
उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘पीडीए पीड़ा के एकसूत्र से बंधे हैं और 5 प्रतिशत परंपरागत वर्चस्ववादियों के अत्याचार व प्रभुत्व के कारण पीढ़ियों से ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ रहे हैं। ‘प्रेम, दया, अपनापन’ पीडीए की एकता का मूल आधार है। वो हर कोई पीडीए में शामिल है, जिसके पास रहम और इंसानियत भरा दिल है।’
भाषा सलीम अमित
अमित