सागर : Sagar BJP Councillor Bablu Kamani Viral Video : मध्य प्रदेश के सागर शहर के शुक्रवारी वार्ड से भाजपा पार्षद रशीद उर्फ बबलू कमानी एक बार फिर चर्चा में हैं। उनका जन्मदिन मनाने के दौरान तलवार से केक काटने और हाथ में तलवार लहराने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में समर्थक सड़क पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं, जहां देर रात जन्मदिन का आयोजन किया गया। खास बात यह है कि इस दौरान उनके साथ कांग्रेस पार्षद वसीम खान भी नजर आ रहे हैं।
Sword Cake Cutting Video दरअसल,वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सार्वजनिक स्थान पर हथियार के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खुलेआम तलवार लहराना और उसी से केक काटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बता दें कि भाजपा पार्षद रशीद उर्फ बबलू कमानी पहले भी विवादों में रह चुके हैं। उनका नाम पीली कोठी कमेटी के अध्यक्ष बदमाश खान की हत्या के मामले में सामने आया था, जिसके बाद वे लंबे समय तक जेल में रहे थे। अब जन्मदिन का यह वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर वे सुर्खियों में आ गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वायरल वीडियो के संबंध में पुलिस ने कोई प्रकरण दर्ज किया है या नहीं।
हालांकि, वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर भी निगाहें टिकी हुई हैं। बताया जा रहा सड़क पर भौकाल दिखाने एवं सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन और उससे केक काटने के मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। अब देखना यह होगा कि अनुशासन की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी अपने पार्षद पर कार्रवाई करती है। फिलहाल यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।