लखनऊ, एक जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड हाईवे के निर्माण को मंजूरी दिये जाने पर आभार व्यक्त किया।
आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि 7,145 करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत से बनने वाली यह परियोजना ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को और मजबूत करेगी।
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को आज विकास की एक और बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 7,145 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कानपुर से कबरई तक 117.7 किलोमीटर लंबे 4/6 लेन एक्सेस-नियंत्रित ग्रीनफील्ड राजमार्ग के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है।’
उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और कानपुर रिंग रोड को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इससे आवागमन सुगम होगा, निवेश को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को सुदृढ़ आधार प्राप्त होगा।’
भाषा सलीम अमित
अमित