हरदोई में शादीशुदा युवक और उसकी प्रेमिका के शव फंदे से लटके पाए गए

Ads

हरदोई में शादीशुदा युवक और उसकी प्रेमिका के शव फंदे से लटके पाए गए

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 08:50 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 08:50 PM IST

हरदोई (उप्र) , 27 जून (भाषा) हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के चौरा गांव में शनिवार सुबह एक युवक और उसकी कथित प्रेमिका के शव एक ही साड़ी के जरिये बनाए गए फंदे से लटके पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार युवक अपनी प्रेमिका को घर ले आया था और इसी दौरान मायके से उसकी पत्नी के लौटने पर घर में विवाद शुरू हो गया। देर रात तक तनाव का माहौल रहा और अगली सुबह युवक व उसकी प्रेमिका एक ही साड़ी के फंदे से लटके पाए गए।

पुलिस ने मृत युवक की पहचान श्रवण कुमार (30) और युवती की पहचान कुंती (24) के रूप में की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसा श्रवण कुमार की शादी करीब 10 साल पहले प्रयागराज निवासी रीता से हुई थी और दंपती के दो बेटे और एक बेटी है।

श्रवण का अपनी बहन के ससुराल मंगतनपुरवा आने-जाने के दौरान गांव की ही कुंती से प्रेम संबंध हो गया था।

दो दिन पहले श्रवण कुंती से मिलने उसके गांव गया था, जहां ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया।

इसके बाद ग्राम प्रधान की मौजूदगी में दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई। पंचायत में समझौते के बाद श्रवण के साथ कुंती उसके घर आकर रहने लगी।

इसी बीच श्रवण की पत्नी रीता मायके से वापस घर लौट आई। घर में युवती को देखकर उसने विरोध किया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच देर रात तक विवाद चला। रात में श्रवण और कुंती कमरे में चले गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

शनिवार सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा खुलवाया तो दोनों एक ही साड़ी के फंदे से लटके पाए गए।

पूर्वी क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुबोध कुमार गौतम ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। एएसपी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं आनन्द संतोष

संतोष