गोरखपुर (उप्र), 24 फरवरी (भाषा) गोरखपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में तैनात नगालैंड की एक महिला डॉक्टर पर कथित नस्ली दुर्व्यवहार के मामले में तीसरे आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवरिया जिले के रामपुर खास गांव के रहने वाले आदित्य राव के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो अन्य अभियुक्तों सूरज गुप्ता और अमित विश्वकर्मा को सोमवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नगालैंड की मूल निवासी महिला डॉक्टर रविवार की शाम को एक मॉल से लौट रही थीं, तभी आरोपियों ने कथित तौर पर एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक उनका पीछा किया और एम्स के गेट के पास उन्हें रोक लिया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर उनके खिलाफ नस्ली टिप्पणियां कीं और मारपीट की।
नेशनल फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स ऑफ एम्स एंड आईएनआई (नैफोर्ड) ने सोशल मीडिया पर इस घटना को उजागर किया।
फेडरेशन ने कहा कि तीनों आरोपियों ने उनके नगालैंड मूल के बारे में नस्लभेदी टिप्पणियां कीं, गलत तरीके से छुआ और मारपीट की।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि इस संबंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की शील भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 296 (ए) (अश्लील कृत्य और गाने), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक