आगरा, चार अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की बाह तहसील के बासौनी थाने के एक गांव में बारिश के कारण शुक्रवार तड़के दो मकानों पर एक जर्जर हवेली का एक हिस्सा गिर गया, जिससे मलबे में दब कर दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिले के उमरैठा गांव में हुये इस हादसे के मलबे में पांच लोग दब गये थे, जिनमें से एक बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान विनोद (50) एवं तन्वी (1) के तौर पर की गयी है।
इस संबंध में थाना बासौनी प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि घायलों की हालत अब सामान्य है जबकि मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टमगृह भेज दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि यह हवेली करीब 300 साल पुरानी थी, और इसमें कोई रहता नहीं था। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की रात को तेज बारिश हुई और शुक्रवार सुबह करीब चार बजे अचानक हवेली का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया।
भाषा सं रंजन
रंजन