मुजफ्फरनगर में दो नाबालिगों ने आत्महत्या की

Ads

मुजफ्फरनगर में दो नाबालिगों ने आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 11:34 AM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 11:34 AM IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), 17 अप्रैल (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले में अलग-अलग घटनाओं में दो किशोरों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने परीक्षा में असफल होने पर कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के मुताबिक, छात्र की पहचान सिविल लाइन थाना क्षेत्र की साकेत कॉलोनी निवासी कृष्ण भारद्वाज (17) के रूप में हुई, जिसने बृहस्पतिवार शाम कमरे में आत्महत्या कर ली।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। उन्होंने कहा कि मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला जिसमें उसने अपनी आत्महत्या का जिक्र किया है।

सीओ ने छात्र के परिवार के हवाले से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि वह एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था और परीक्षा में असफल घोषित किया गया था।

दूसरी घटना में, बृहस्पतिवार को जिले के बुढ़ाना पुलिस थाने के अंतर्गत सुल्तानपुर गांव में अरमान (16) नामक किशोर ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) गजेंद्र पाल सिंह के अनुसार, किशोर को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सीओ ने कहा कि आत्महत्या का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला